उत्तराखण्ड

19 एवं 20 जून को जनपद के विभिन्न विकासखंडों और नगर निगम श्रीनगर में लगेंगे जनकल्याणकारी शिविर

पौड़ी- केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने हेतु जनपद में 19 एवं 20 जून को विशेष जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जाएगा।

19 जून को विकासखंड एकेश्वर, जयहरीखाल, द्वारीखाल, दुगड्डा एवं पोखड़ा में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 20 जून को विकासखंड नैनीडांडा, यमकेश्वर, रिखणीखाल, बीरोंखाल, थलीसैंण तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, रीप तथा एनआरएलएम समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी ग्रामीणों को देंगे। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। शिविरों में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर निस्तारण किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र, पंजीकरण एवं अन्य जनहितकारी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपदवासियों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button